महाराजगंज

टेस्टी पिज्जा पैराडाइज मामले के बाद खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के निर्देश

Spread the love


सागर विश्वकर्मा की रिपोर्ट
दैनिक बुद्ध का संदेश
नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा स्थित टेस्टी पिज्जा पैराडाइज रेस्टोरेंट में भोजन के दौरान ग्राहक के मुंह में स्टील का टुकड़ा मिलने के मामले के बाद प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिले के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाद्य सुरक्षा एवं मानकों की जांच के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को एक ग्राहक ने रेस्टोरेंट में कढ़ाई पनीर, चावल, तवा रोटी और पानी की बोतल का ऑर्डर किया था। भोजन के दौरान ग्राहक के मुंह में करीब 12 मिलीमीटर का स्टील का टुकड़ा मिलने की बात सामने आई। मामले को पत्रकार ब्रजेन्द्र पाण्डेय आकाश ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद रेस्टोरेंट संचालक की ओर से पत्रकार पर रंगदारी का आरोप लगाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। प्रकरण को लेकर पत्रकारों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को जिले के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों में एफएसएसएआई लाइसेंस, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रसोईघर की स्थिति और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *