डीएम की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुआ पंच सम्मेलन
दैनिक सत्ता मंत्र
गोन्डा। जनपद डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में “पंच सम्मेलन” विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के समस्त ब्लॉक प्रमुख,ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन,पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति प्रदान करने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराना रहा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के अंतर्गत कराए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई।योजना के सफल संचालन में ग्राम पंचायतों की भूमिका, स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्यों के चयन,पारदर्शिता, जनभागीदारी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। डीएम श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा,जब उनका लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए।कार्यक्रम में अधिकारियों ने सभी संबंधित कार्मिकों एवं जनप्रतिनिधियों से योजना के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अधिकारियों द्वारा योजना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं एवं कार्यों के संबंध में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को जानकारी प्रदान की गई।सम्मेलन में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद,डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद,डीसी एनआरएलएम जेएन राव सहित समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
