तिरंगे के रंग में रंगा महराजगंज
दैनिक सत्ता मंत्र
महराजगंज/नौतनवा। 10 अगस्त आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से सोमवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व 22वीं वाहिनी के कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने किया। इसमें वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली 22वीं वाहिनी के मुख्य द्वार से शुरू होकर चौराहा रोड, फरेंदा रोड, टावर चौक और बस स्टैंड होते हुए वापस वाहिनी परिसर पहुंची। इस दौरान जवानों ने आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। एकता और अखंडता का प्रतीक है तिरंगा इस अवसर पर कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। तिरंगा रैली के माध्यम से आमजन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया गया।
