दहेज हत्या के मामले में वांछित तीन अभियुक्त गिरफ्तार
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को कोतवाली भिनगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय के लिए रवाना कर दिया। पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली भिनगा पुलिस टीम ने 21 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली भिनगा में मुकदमा अपराध संख्या 399/2026, धारा 85, 80(2) बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुकदमे से संबंधित वांछित तीन अभियुक्तों को मोहल्ला कोट रियासत, कस्बा भिनगा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में जिशान पुत्र पप्पू, पप्पू पुत्र रहमतुल्ला तथा पप्पू की पत्नी, सभी निवासी मोहल्ला कोट रियासत, कस्बा भिनगा, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती शामिल हैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया।
