नवविवाहिता की मौत के मामले में पति समेत तीन पर मुकदमा
दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज।कोतवाली क्षेत्र के मुंडेराकला गांव में नवविवाहिता अंकिता की मौत के मामले में मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतका के करीब डेढ़ माह के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया भी उठ गया। मायके पक्ष के अनुसार अंकिता की शादी मई 2025 में मुंडेराकला निवासी दुंगेश प्रताप सिंह उर्फ अंशु पुत्र हरिकेश बहादुर सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दुंगेश, ससुर हरिकेश बहादुर सिंह और सास पूनम सिंह दहेज में कार की मांग को लेकर अंकिता को प्रताड़ित करते थे। परिजनों का कहना है कि बिते शुक्रवार शाम करीब 6रू30 से 7रू30 बजे के बीच अंकिता ने अपनी मां सुमन सिंह को फोन कर ससुराल में परेशान किए जाने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात बताई थी। परिजनों ने उसे समझाकर शांत कराया। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस के माध्यम से मायके वालों को अंकिता की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। मृतका के पिता कृष्ण बहादुर सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मु0अ0सं0 398/2026, धारा 85, 80(2), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।
