ताजाबहराइचब्रेकिगं

परिषदीय विद्यालयों में चला एचपीवी टीकाकरण अभियान, 600 से अधिक किशोरियों को लगा टीका

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
पयागपुर, बहराइच। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिषदीय विद्यालयों में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के प्रथम दिन पयागपुर क्षेत्र के 51 विद्यालयों में 600 से अधिक पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विद्यालयों में पहुंचकर निर्धारित 9 वर्ष से 13 वर्ष 6 माह आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया। टीका लगने के बाद किशोरियों को निर्धारित समय तक निगरानी में रखा गया। अभियान के दौरान विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अभिभावकों का सक्रिय सहयोग रहा। सीएचसी पयागपुर के अधीक्षक डॉ. धीरेन्द्र तिवारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से पात्र किशोरियों का टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की। बीपीएम पयागपुर अनुपम शुक्ल ने बताया कि चार दिवसीय मेगा अभियान के प्रथम दिन क्षेत्र के 51 विद्यालयों में 600 से अधिक किशोरियों का टीकाकरण किया गया। अभियान का पर्यवेक्षण स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किया। सभी टीकाकरण केंद्रों पर एएनएम, शिक्षक, आशा कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों का सहयोग प्राप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *