पहले विशेश्वरगंज में हेल्थ एटीएम, फिर पयागपुर में अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने ग्रामीण क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाओं की दो महत्वपूर्ण सौगातें दीं।कार्यक्रम के पहले चरण में विशेश्वरगंज में मानव विकास संस्था और आईडीबीआई बैंक के संयुक्त सहयोग से स्थापित हेल्थ एटीएम का फीता काटकर उद्घाटन किया। हेल्थ एटीएम के माध्यम से बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, बीएमआई समेत 50 से अधिक प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। इससे ग्रामीणों को सामान्य जांच के लिए दूर स्थित निजी केंद्रों या शहरों का रुख कम करना पड़ेगा। ततपश्चात विधायक ने पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी केंद्रों अथवा दूसरे शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पेट, लीवर और किडनी सहित अन्य जांच भी अस्पताल स्तर पर कराई जा सकेगी। इस अवसर पर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। स्थानीय स्तर पर आधुनिक जांच सुविधाएं मिलने से मरीजों को समय और अनावश्यक खर्च से राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस मौके पर विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्र, डॉ. धीरेंद्र तिवारी, मानव विकास संस्था के नीरज प्रसाद व कार्तिकेय तिवारी, आईडीबीआई के सीनियर रीजनल हेड मनोज कुमार गुप्ता समेत जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, अस्पताल स्टाफ और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
