ताजाब्रेकिगंश्रावस्ती

पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस, चाकू और चोरी का जेवरात व नगदी बरामद

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली भिनगा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी भिनगा में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की रात्रि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भिनगा पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अण्टा तिराहे से जानकी नगर जाने वाले रास्ते पर कुछ चोर चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर कोतवाली भिनगा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में मंगरे प्रसाद पुत्र ठगई के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने घायल आरोपी सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अभियुक्त मंगरे प्रसाद निवासी गोबार, थाना कोतवाली भिनगा को उपचार के लिए सीएचसी भिनगा भेजा गया। वहीं दूसरे गिरफ्तार अभियुक्त लूची पुत्र भिले निवासी हनुमानगढ़ी, कस्बा भिनगा से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से एक अवैध देसी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक नाजायज चाकू तथा चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा थाना कोतवाली भिनगा, थाना सिरसिया और थाना सोनवा क्षेत्र से चोरी किए गए जेवरात, नगदी, सामान, कपड़े एवं अभिलेख भी बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। फरार आरोपियों गिरीश बहेलिया पुत्र रामनरेश निवासी हनुमानगढ़ी, कस्बा भिनगा तथा शिवकुमार जायसवाल उर्फ दुबे पुत्र बाबूराम निवासी गोबार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर तलाश और चेकिंग की जा रही है। घटना के बाद फील्ड यूनिट की टीम द्वारा मौके से साक्ष्य संकलन किया गया। उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *