पौंडा गौशाला का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी को लेकर सक्रिय एसडीएम मिहींपुरवा मोनालिसा जौहरी ने शनिवार को ग्राम पंचायत पौंडा स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंची एसडीएम ने गौशाला में गोवंश के रखरखाव समेत उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश के लिए हरा चारा, पानी, चोकर तथा साफ-सफाई की स्थिति देखी। संबंधित कार्मिकों से गौशाला की व्यवस्थाओं और गोवंश की देखभाल के संबंध में जानकारी ली। एसडीएम ने निर्देश दिया कि गोवंश को पर्याप्त मात्रा में चारा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गौशाला परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गौशाला की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए। एसडीएम के औचक निरीक्षण से गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारियों में भी सक्रियता देखने को मिली। प्रशासन की ओर से स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
