बरगदही में एसएसबी ने शुरू कराया 21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण।

दैनिक बुद्ध का संदेश
हरदीडाली/नौतनवा।सीमावर्ती क्षेत्र की महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी कैम्पियरगंज की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत 21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को शुरू किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रेरणा फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है।सोनौली थाना क्षेत्र के बरगदही स्थित सी समवाय, हरदीडाली में आयोजित कार्यक्रम में नौतनवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम का उत्साह बढ़ाया और महिलाओं को कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय महिलाओं एवं जरूरतमंद प्रतिभागियों को सिलाई की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को हुनर प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत समय-समय पर कौशल विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। सिलाई प्रशिक्षण शुरू होने से स्थानीय महिलाओं में भी उत्साह देखने को मिला।
