भारी वर्षा, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की ओर से 24 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार गहन अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में 24 से 27 सितंबर तक वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। विशेष रूप से 25 और 26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ तेज सतही हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार सोनभद्र में 24 सितंबर से 25 सितंबर की सुबह तक भारी वर्षा, तेज झोंकेदार हवाओं तथा मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। वहीं 25 से 26 सितंबर के दौरान भी भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाओं के झोंके चलने की संभावना है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेष रूप से नदी, नाले, झरने, जलाशय, बांध, खनन क्षेत्र, निचले इलाकों और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें। मौसमी जलधाराओं तथा जलमग्न मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।वज्रपात की स्थिति में खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और विद्युत प्रवाहित वस्तुओं से दूर रहने तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और वज्रपात के दौरान खिड़की-दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें।भारी वर्षा के दौरान निचले इलाकों में जलभराव तथा नदी-नालों और जलाशयों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। मौसमी नालों एवं जलधाराओं पर बने छोटे पुलों और सड़कों पर पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में उन्हें पार करने से बचने की अपील की गई है। सड़क पर दृश्यता कम होने और फिसलन बढ़ने पर वाहन चालक गति नियंत्रित रखें। जलमग्न सड़कों, पुलों और तेज बहाव वाले स्थानों से वाहन निकालने का प्रयास न करें।जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपदवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने, सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। नदी-नाले, झरने और अन्य जलस्रोतों के पास जाने से भी बचने को कहा गया है।
