माध्यमिक शिक्षक संघ ने घोषित किए सात उम्मीदवार
दैनिक बृद्ध का संदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने विधान परिषद की खंड स्नातक और शिक्षक सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को सात प्रत्याशियों की घोषणा की। फैजाबाद-गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर अभी प्रत्याशी तय नहीं किया गया है। इस सीट से वर्तमान एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी तीन बार चुनाव जीत चुके हैं।उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ की राज्य परिषद की बैठक में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जगजीवन प्रसाद शुक्ला, बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. सुनीत गिरि, आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. दिलीप कुमार अमौरिया और मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. सुशील कुमार पुंडीर को प्रत्याशी घोषित किया गया। वहीं वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चौधरी दिनेश चंद्र रॉय और मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अमित जैन को उम्मीदवार बनाया गया है।इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक सीट से चुनाव हार चुके सुरेश त्रिपाठी ने संगठन के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह प्रमोद कुमार मिश्रा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। सुरेश त्रिपाठी के खंड स्नातक चुनाव में सत्ताधारी दल से टिकट की दावेदारी किए जाने की चर्चा है। हालांकि संगठन की ओर से उनके पद छोड़ने का कारण व्यक्तिगत बताया गया है।प्रवक्ता डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि फैजाबाद-गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए किसी प्रत्याशी ने दावा नहीं किया है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने भी टिकट के लिए दावा नहीं किया है। इस कारण इस सीट पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है।
