मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 23 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को कटरा स्थित होटल ट्यूलिप में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिले के पांच विकासखंडों से आए कुल 23 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 18 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए, जबकि पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाहनामा की रस्म के साथ विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने पहुंचकर नवविवाहित वर-वधुओं को विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके सुखमय एवं समृद्ध दाम्पत्य जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि समाज से बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पंडित राम फेरन पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जनपदों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बेटियों के विवाह का आयोजन कराया जा रहा है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बनने के साथ ही समाज में बिना दहेज विवाह को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। समारोह में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों और शुभचिंतकों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सरकार की इस योजना को गरीब परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए खुशी जाहिर की। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरनाथ यतीन, खंड विकास अधिकारी उमेश कुमार, खंड विकास अधिकारी गिलौला अवधेश कुमार पांडेय, आशुतोष पांडेय, विनय कुमार पांडेय, चंद्र प्रकाश, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. शकुंतला मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, रीनू तिवारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
