शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं अधिकारी रू प्रभारी मंत्री

दैनिक बृद्ध का संदेश
सोनभद्र। प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित गतिविधियों और जनपद में चल रही विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों और अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित जिम्मेदारियों का समय से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।बैठक में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला कार्यक्रम और बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही पेयजल आपूर्ति का टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के माध्यम से वास्तविक स्थिति का पता लगाकर ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए।विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि कुछ प्राथमिक विद्यालयों में भवन और कक्ष आदि से संबंधित आवश्यक कार्य जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के माध्यम से कराने की प्रक्रिया चल रही है।बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विकास कार्यों एवं योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाए।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित अधिकारी समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
