संचारी रोग अभियान की तैयारियों की समीक्षा सीडीओ ने माइक्रोप्लान के अनुसार कार्रवाई के दिए निर्देश

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में द्वितीय अन्तर्विभागीय बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ माइक्रोप्लान के अनुसार निर्धारित कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जनपद में 1 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान प्रस्तावित है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की तैयारियों और दायित्वों की समीक्षा की गई। जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की कार्ययोजना की जानकारी दी। सीडीओ ने नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी, कचरा निस्तारण, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्रवाई की फोटो अभियान के व्हाट्सऐप ग्रुप पर उपलब्ध कराने को कहा गया। पूर्व बैठक में चुर्क-सोनपम्प मार्ग पर डंप कचरे को एक सप्ताह में हटाने के निर्देश के बावजूद कार्रवाई न होने पर अधिशासी अधिकारी चुर्क का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं, दोनों बैठकों में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज का वेतन भी रोकने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वच्छता, हाथ धोने, पूरी आस्तीन की यूनिफॉर्म पहनने और बुखार की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। गांवों में स्वच्छ पेयजल, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सभी विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित कार्य पूरा करने और आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
