सोनभद्र

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर अंतर्विभागीय बैठक सम्पन्न

Spread the love

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में प्रथम अंतर्विभागीय बैठक हुई। बैठक में चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा सूचना विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ समस्त ब्लॉक अधीक्षक, बीसीपीएम, डीपीएम एवं एनएचएम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 1 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शासन की गाइडलाइन के अनुसार साफ-सफाई, स्वच्छता एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की तैयारियों, विभागवार प्रशिक्षण एवं माइक्रोप्लान की जानकारी दी। विद्यालयों में बच्चों को किया जाएगा जागरूक मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। बच्चों को सही तरीके से हाथ धोने, पूरी बांह की यूनिफॉर्म पहनने तथा बुखार होने पर क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी जाए। प्रत्येक विद्यालय में हैंडवॉश की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पंपलेट के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए। साफ-सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव पर जोर समस्त अधिशासी अधिकारियों एवं पंचायत विभाग को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी और कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साप्ताहिक कार्ययोजना के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग कराने तथा उसकी फोटो संचारी रोग नियंत्रण अभियान के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजने को कहा गया। चुर्क में सोन पंप जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने के निर्देश नगर पालिका परिषद सोनभद्र के संबंधित अधिकारी को दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल और सफाई पर जोर ग्राम विकास विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ माइक्रोप्लान के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए गए। स्क्रब टाइफस और लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव की जानकारी दी जाएगी पशुपालन एवं कृषि विभाग को स्क्रब टाइफस और लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही घूमंतू गोवंश को नगर पालिका के माध्यम से तत्काल गो-आश्रय स्थलों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। 26 सितंबर तक माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को 26 सितंबर 2026 तक अपना माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सभी विभागों को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट शाम चार बजे तक जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी जिला स्तर पर आयोजित गोष्ठियों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें। वहीं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने-अपने ब्लॉक में अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होकर गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कराएं।बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता एवं जनजागरूकता से संबंधित गतिविधियों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *