सिसवारा भूमि विवाद में युवक की मौत, लेखपाल व राजस्व निरीक्षक निलंबित

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। इकौना तहसील क्षेत्र के ग्राम सिसवारा, मजरा भरथापुर में 22 सितंबर को भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान हुए घटनाक्रम में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि भूमि विवाद के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर गई थी।प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच महिलाओं और एक पुरुष को पुलिस के सरकारी वाहन से थाने भेजा जा रहा था। इसी दौरान वाहन में सवार कमलेश कुमार पुत्र बृजलाल, निवासी मदारपुरवा पुरुषोत्तमपुर ने वाहन का गेट खोलकर चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल कमलेश कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की है।प्रशासन के मुताबिक, प्रथम दृष्टया राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल की घोर लापरवाही सामने आई है। इसके बाद दोनों को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही संस्थित की गई है। साथ ही पूरे प्रकरण में राजस्व एवं पुलिस की भूमिका की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है।प्रशासन का कहना है कि जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
