सोनौली में फिर सक्रिय हुआ मिट्टी खनन का खेल, ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही से उठे सवाल सोनौली

दैनिक बुद्ध का संदेश
महाराजगंज/नौतनवा।सोनौली क्षेत्र में थाना अध्यक्ष के तबादले के बाद अवैध मिट्टी खनन को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आरोप है कि बीते शाम से मिट्टी खनन से जुड़े लोग सक्रिय हो गए हैं और नदी क्षेत्र से मिट्टी निकालकर कस्बे के अलग-अलग स्थानों पर गड्ढों की भराई के लिए पहुंचाई जा रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, मिट्टी ढुलाई में करीब एक दर्जन ट्रैक्टर-ट्रालियां लगाई गई हैं। आरोप है कि ये ट्रैक्टर-ट्रालियां सुबह से देर शाम तक मुख्य मार्गों पर मिट्टी लादकर आवाजाही करती नजर आ रही हैं। इससे क्षेत्र में कथित अवैध खनन और मिट्टी परिवहन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय सूत्रों का दावा है कि थाना अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा के स्थानांतरण के बाद खनन से जुड़े कुछ लोग फिर सक्रिय हुए हैं। हालांकि, मिट्टी खनन और परिवहन के संबंध में वैध अनुमति है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नदी क्षेत्र से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है और लगातार ट्रैक्टर-ट्रालियों से उसका परिवहन हो रहा है, तो संबंधित विभागों की नजर इस गतिविधि पर क्यों नहीं पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कराकर नियमों के विपरीत खनन पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में नवागत थाना अध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिट्टी खनन के संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मिट्टी खनन किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा और खनन कारोबारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
