स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर बेचने और कटवाने का खुलासा कर्सर——तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच लाख रुपये नकद और ट्रक के कटे पुर्जे बरामद

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र।रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप लदे ट्रक को कब्जे में लेकर मिर्जापुर ले जाने, स्क्रैप बेचने और ट्रक कटवाने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, ट्रक के कटे हुए विभिन्न पुर्जे एवं अवशेष, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार 9 सितम्बर को बरगवां, सिंगरौली से 24 टन 900 किलोग्राम स्क्रैप आयरन ट्रक से चुनार, मिर्जापुर भेजा गया था। 10 सितम्बर को लोढ़ी टोल प्लाजा के पास चालक को ट्रक से उतारकर ट्रक व स्क्रैप गायब कर दिया गया था। मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।तकनीकी जांच, सीडीआर-एसडीआर, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि ट्रक को मिर्जापुर ले जाकर उसमें लदे स्क्रैप को बेचने के बाद ट्रक को कबाड़ गोदाम में कटवा दिया गया।19 सितम्बर को पुलिस टीम ने मिर्जापुर स्थित 39वीं वाहिनी पीएसी गेट नंबर-2 के सामने एक कबाड़ गोदाम पर दबिश देकर ’’धीरज यादव, भरत लाल उर्फ बल्ला साहू और आकाश गुप्ता’’ को गिरफ्तार किया। मौके से पांच लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिसमें भरत लाल से चार लाख, जबकि धीरज यादव और आकाश गुप्ता से 50-50 हजार रुपये मिले। पुलिस ने ट्रक के कटे हुए पुर्जे और अवशेष भी बरामद किए।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने स्क्रैप की खरीद-फरोख्त एवं ट्रक कटवाने से संबंधित जानकारी दी है। बरामद मोबाइल फोन को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मामले में नीरज यादव और उमाकांत यादव समेत अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
