ताजाब्रेकिगंमहाराजगंज

हाईवे के कट बंद होने पर भड़के सोनौली के व्यापारी, बोले- कट नहीं खुले तो सड़क पर उतरेंगे

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
सोनौली/ नौतनवा । भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सोनौली कस्बे में हाईवे पर कट बंद किए जाने को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को व्यापारियों ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर बंद किए गए कटों को खोलने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि कट बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और ग्राहकों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। व्यापारियों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि सोनौली का बाजार सीमावर्ती क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। ऐसे में हाईवे पर आवागमन के रास्ते सीमित किए जाने से व्यापार प्रभावित होने की आशंका है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि बंद किए गए कटों को नहीं खोला गया तो वे आंदोलन करने और सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। वार्ता के दौरान पीएनसी के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चार और कट बंद किए जाएंगे। अधिकारियों की इस बात पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई और कट बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि हाईवे के दोनों ओर बाजार और प्रतिष्ठान होने के कारण स्थानीय आवागमन के लिए कट जरूरी हैं। कटों को पूरी तरह बंद करने से लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी और इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ेगा। व्यापारियों और अधिकारियों के बीच हुई वार्ता का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें व्यापारी अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखते नजर आ रहे हैं। अब देखना है कि प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्था व्यापारियों की मांग पर क्या निर्णय लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *