हादसों का अड्डा बना गौतम नगर, खुले गड्ढे से लोग परेशान
दैनिक सत्ता मंत्र
श्रावस्ती/इकौना। नगर पंचायत इकौना के मोहल्ला गौतम नगर में नाला निर्माण के दौरान खोदा गया एक खुला गड्ढा अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी और हादसों की वजह बन गया है। कई महीनों से गली के बीच स्थित यह गड्ढा लोगों की जान पर खतरा बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक इसे लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले के निर्माण के समय पानी निकासी के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसे आज तक न तो भरा गया और न ही उसके चारों ओर कोई सुरक्षा व्यवस्था की गई। परिणामस्वरूप आए दिन राहगीर इसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई व्यक्तियों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं, फिर भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि कुछ महीने पहले सड़क चौड़ीकरण के नाम पर रास्ते में पड़ने वाले मकानों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उसके बाद सड़क निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। इससे गली की स्थिति और भी बदहाल हो गई है।स्थिति यह है कि जिन लोगों के मकान सड़क किनारे हैं, उन्हें बाजार आने-जाने के लिए रोडवेज की बाउंड्री के किनारे से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में रोडवेज अपनी बाउंड्री पूरी तरह बंद कर देता है, तो मोहल्ले का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या पर न तो वार्ड के सभासद का ध्यान है और न ही नगर पंचायत प्रशासन का। लोगों ने मांग की है कि खुले गड्ढे को तत्काल भरवाकर सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।अब सवाल यह है कि आखिर कब तक गौतम नगर के लोग इस खतरे के बीच जीवन जीने को मजबूर रहेंगे और कब प्रशासन उनकी समस्या का स्थायी समाधान करेगा।
