महाराजगंज

69000 शिक्षक भर्ती में 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता खत्म करने की मांग

Spread the love

 

दैनिक बुद्ध का संदेश

महराजगंज। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ महराजगंज के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी और जिला मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा। संघ ने 69000 सहायक अध्यापक भर्ती के तहत नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की। जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री ने बताया कि वर्ष 2020-22 में नियुक्त करीब 32 हजार शिक्षक पिछले पांच वर्षों से परिषदीय विद्यालयों में पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। संघ पदाधिकारियों के अनुसार एनसीटीई के नियमों के तहत इन शिक्षकों को दो वर्ष के भीतर छह माह का ब्रिज कोर्स कराया जाना था, लेकिन विभाग की ओर से समय से यह प्रशिक्षण नहीं कराया गया। उनका कहना है कि 69000 भर्ती के मूल विज्ञापन में सेवारत प्रशिक्षण पूरा करने का प्रावधान था, जबकि न्यूनतम अंकों के साथ अलग से परीक्षा उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता नहीं थी। शिक्षक संघ ने कहा कि अब ब्रिज कोर्स के स्थान पर 50 प्रतिशत अंकों के साथ लिखित परीक्षा अनिवार्य किए जाने से वर्षों से कार्यरत शिक्षकों में असंतोष है। संघ ने मांग की कि परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त कर पूर्व निर्धारित छह माह का ब्रिज कोर्स ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से कराया जाए। इसके अलावा दिव्यांग शिक्षकों के दिव्यांग वाहन भत्ते, एफएलएन प्रशिक्षण भत्ते और प्रोन्नत वेतनमान समेत अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई। इस दौरान अखिलेश पाठक, धन प्रकाश त्रिपाठी, विजय प्रताप पांडेय, अरविंद गुप्ता, विजय यादव, वीरेंद्र सिंह, मनोज वर्मा, धीरज शाही, चंद्रभूषण पटेल, दुर्गेश पांडेय, डॉ. कैलाश नाथ मौर्य सहित सैकड़ों शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *