बूढ़ी राप्ती किनारे दिखा मगरमच्छ लोगों में भय का माहौल।
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। जोगिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिरहवा के पास बूढ़ी राप्ती नदी के बाएं तट पर रविवार को एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे बालू पर बैठे मगरमच्छ को देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए, जबकि कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर बच्चों और पशुओं को नदी की ओर जाने से रोक दिया। सूचना मिलते ही बांसी वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेंजर शिवकुमार गुप्ता ने अपनी टीम प्रदीप कुमार फॉरेस्टर के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और मगरमच्छ की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। उन्होंने ग्रामीणों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे न जाए, छोटे बच्चों को बिल्कुल भी अकेला न छोड़ें और पशुओं को भी नदी के तट पर न ले जाएं। बरसात के मौसम में मगरमच्छ आबादी के करीब पहुंच सकते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। वन विभाग ने क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि मगरमच्छ को देखने के लिए भीड़ न लगाएं, उसके पास जाने या वीडियो बनाने की कोशिश न करें और यदि दोबारा मगरमच्छ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
