ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

सजनी चौराहे पर चोरी की बाइक बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपी

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। जोगिया उदयपुर थाना पुलिस ने सजनी चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर उसके वास्तविक मालिक के परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चोरी हुए वाहन को सुरक्षित उसके स्वामी तक पहुंचाया जा सका। पुलिस के अनुसार, सजनी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल काफी देर से लावारिस हालत में खड़ी मिली। वाहन के संबंध में आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने वाहन की चेचिस संख्या के आधार पर ई-चालान ऐप से जांच की। जांच में मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर यूपी 55 एबी 0455 मिला, जो आकाश पुत्र इंद्रजीत निवासी गोहर, थाना बांसी, जनपद सिद्धार्थनगर के नाम पर पंजीकृत पाई गई। इसके बाद जोगिया उदयपुर पुलिस ने थाना बांसी से संपर्क कर वाहन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। थाना बांसी से मिली जानकारी के अनुसार, इस मोटरसाइकिल की गुमशुदगी की ऑनलाइन शिकायत 11 जुलाई 2026 को शिकायत संख्या 20260000698686 के माध्यम से विकास पुत्र इंद्रजीत द्वारा दर्ज कराई गई थी। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने वाहन स्वामी के पिता इंद्रजीत तथा विकास को थाना बुलाया।सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को उसके वास्तविक मालिक के परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने वाहन मिलने पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही वाहन मालिकों को अपने वाहनों के दस्तावेज सुरक्षित रखने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *