ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

इटवा चौराहे से लापता छात्र पहुंचा बिहार

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर । इटवा चौराहे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुआ 16 वर्षीय छात्र तीन दिन बाद सकुशल गोरखपुर पहुंच गया। छात्र ने परिजनों को फोन कर बताया कि उसे होश आने पर खुद को बिहार के छपरा में पाया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से भागकर रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रेन से गोरखपुर आ गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे लेने के लिए रवाना हो गए। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महमुदवां ग्रांट निवासी फुरकान का पुत्र रिफा (16) डुमरियागंज स्थित बेंवा के यामिया सिराजुल उलूम मदरसा में पढ़ाई करता है। वह अपने मामा शहीदुर्रहमान के यहां रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहा है। एक सप्ताह पूर्व वह अपने मामा के घर महमुदवां ग्रांट आया था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की शाम मामा फजलुर्रहमान उसे बाइक से ढेबरूआ चौराहे तक डुमरियागंज जाने वाली बस पकड़ाने आए थे। काफी देर तक वाहन नहीं मिलने पर रिफा ने मामा को घर लौट जाने के लिए कहा और स्वयं किसी साधन से डुमरियागंज जाने की बात कही। इसके बाद वह किसी वाहन से इटवा चौराहे तक पहुंचा, जहां से वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। मामा शहीदुर्रहमान ने बताया कि अगले दिन छात्र के मदरसा नहीं पहुंचने पर वहां के मौलाना ने फोन कर जानकारी ली। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और ढेबरूआ पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने परिजनों के साथ काफी खोजबीन की, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह छात्र ने मामा को फोन कर बताया कि जब उसे होश आया तो वह बिहार के छपरा में था। उसे वहां पहुंचने की कोई जानकारी नहीं है। घबराहट की स्थिति में वह किसी तरह छपरा रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन पकड़कर गोरखपुर पहुंच गया। फोन पर उसने बताया कि वह डरा हुआ है और काफी भूखा भी है। छात्र के सकुशल मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी शोहरतगढ़ पुलिस को देने के बाद परिजन उसे लेने के लिए गोरखपुर रवाना हो गए। वहीं, छात्र के रहस्यमय ढंग से बिहार पहुंचने की परिस्थितियों को लेकर पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *