दवा विक्रेता समिति ने नवागत औषधि निरीक्षक का किया स्वागत, थोक लाइसेंस सत्यापन अभियान पर दिया जोर
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। दवा विक्रेता समिति, सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में बांसी स्थित रानी वाटिका मैरिज हाल में नवागत औषधि निरीक्षक के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) मनोज कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्वागत समारोह के बाद उपस्थित दवा व्यापारियों ने अपने-अपने थोक ड्रग लाइसेंसों का सत्यापन कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने विभाग द्वारा चलाए जा रहे लाइसेंस सत्यापन अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर महासचिव मुजीबुल्लाह (मुजीब) ने कहा कि संगठन की मजबूती में ही सभी दवा व्यापारियों का हित निहित है। उन्होंने कहा कि यदि शहद जैसा परिणाम चाहिए तो मधुमक्खियों की तरह एकजुट होकर कार्य करना होगा। जिला औषधि निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि विभाग हर स्तर पर दवा व्यापारियों को सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से केवल वैध लाइसेंस पर ही दवाओं की खरीद-बिक्री करने की अपील की। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में थोक ड्रग लाइसेंसों का सत्यापन कराया जा रहा है। सभी लाइसेंसधारी समय से अपना सत्यापन अवश्य करा लें, अन्यथा विभाग की ओर से नोटिस जारी की जाएगी और संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। इस अवसर पर जिला महासचिव मनोज कुमार जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर पांडेय, महामंत्री उबैदुल्लाह खान, नगर महासचिव मुजीबुल्लाह (मुजीब), जमाल अख्तर सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दवा व्यापारी उपस्थित रहे।
