छह सितंबर को होगी क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े क्रीड़ा एवं खिलाड़ियों के संगठन क्रीड़ा भारती की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन छह सितंबर को किया जाएगा। परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसमें देशभर के अभ्यर्थी घर बैठे मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से प्रतिभाग कर सकेंगे।क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के जिलाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा का उद्देश्य युवाओं के साथ समाज के सभी वर्गों को खेलों के प्रति जागरूक करना और नियमित खेल गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा छह सितंबर को सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित समयावधि में परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा में कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 25 मिनट का समय मिलेगा।परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से परीक्षा में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सके।
