बालक वर्ग में पांच, बालिका में तीन किमी की होगी क्रॉसकंट्री
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त को क्रॉसकंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के लिए पांच किलोमीटर और बालिका वर्ग के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ होगी। प्रतियोगिता सुबह 6रू30 बजे से शुरू होगी। क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार क्रॉसकंट्री दौड़ का आयोजन स्टेडियम परिसर में ही कराया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी स्टेडियम में पूर्व चौंपियन एथलीट कुमारी सुमन सिंह से संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। बालक और बालिका वर्ग में प्रथम से छठे स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। क्रीड़ा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों के साथ ही बीएसए और डीआईओएस से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।
