महिला उत्पीड़न के मामलों की समीक्षा करेंगी आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी गुरुवार को सिद्धार्थनगर में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करेंगी। समीक्षा बैठक 13 अगस्त को प्रातः 10 बजे सर्किट हाउस, सिद्धार्थनगर में आयोजित होगी। बैठक में जनपद के विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान महिला उत्पीड़न से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करने के साथ पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने और प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। बैठक का उद्देश्य महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना तथा महिलाओं से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों की कार्रवाई की समीक्षा करना है। जिला प्रशासन ने जनपद की महिलाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वे 13 अगस्त को प्रातः 10 बजे सर्किट हाउस पहुंचकर राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष अपनी बात रख सकती हैं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
