बीएसए ग्राउंड से कलेक्ट्रेट तक लहराया तिरंगा, पत्रकारों ने निकाली भव्य यात्रा
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ एवं एंटी करप्शन इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ बीएसए ग्राउंड से हुआ। साहित्य सुधा के अध्यक्ष एवं संस्कार भारती के जिला महामंत्री गोविंद प्रसाद ओझा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा को रवाना किया गया। तिरंगा यात्रा बीएसए ग्राउंड से प्रारंभ होकर निबंधन कार्यालय, मेडिकल कॉलेज, पुलिस लाइन, साड़ी तिराहा होते हुए सत्र न्यायालय गेट के सामने से जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के पूर्वांचल प्रभारी एवं एंटी करप्शन इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो, डिवीजन बस्ती के डिविजनल ऑफिसर मनोज कुमार, प्रदेश महामंत्री उमेश प्रताप सिंह, डा. तौफीक रहमान, अब्दुल रशीद हाशमी, राजेश कुमार, आफताब आलम, सरिता पांडेय, राजकुमार वर्मा, वरिष्ठ फार्मासिस्ट डा. गोविंद प्रसाद ओझा, धीरेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के पूर्वांचल प्रभारी मनोज कुमार ने देशवासियों, प्रदेशवासियों एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपना योगदान दे। भव्य तिरंगा यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं पत्रकारों से जुड़े लोगों की सहभागिता रही। आयोजन के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
