तिरंगे की आन-बान-शान के साथ गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक राघवेंद्र ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।ध्वजारोहण के पश्चात छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की मनोहारी छटा बिखेरी। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के साथ हिंदी एवं संस्कृत में भाषण तथा अंग्रेजी में प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की झलक दिखाई दी, जिसने अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद जगदंबिका पाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य बसंत प्रसाद मिश्र ने अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता, अनुशासन तथा भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कला एवं घोष के शिक्षक विपुल कुमार सिंह ने बांसुरी वादन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। विद्यालय के प्रबंधक एवं कार्यक्रम अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सभी से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की अपील की।इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला व्यवस्था प्रमुख एवं विद्यालय के कोषाध्यक्ष मदन मोहन सिंह, विभाग समरसता प्रमुख शंभूनाथ गुप्ता, जिला विद्यार्थी प्रमुख सौरभ, सह जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख धनंजय रस्तोगी, सीमा मिश्रा, विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य महादेव प्रसाद सहित विद्यालय के आचार्य, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या उमा सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देशहित में सदैव समर्पित रहने के संकल्प के साथ हुआ।
