ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

शिक्षाविद् स्व. मुक्तिनारायण पाण्डेय की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
बर्डपुर/सिद्धार्थनगर। आदर्श शिक्षा समिति के संचालक, पूर्व वरिष्ठ शिक्षक एवं शिक्षाविद् स्वर्गीय मुक्तिनारायण पाण्डेय जी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर परिसर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रबंधक राजकुमारी पाण्डेय जी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वर्गीय मुक्तिनारायण पाण्डेय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उनके शिक्षा, संस्कार एवं समाजहित के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।विद्यालय की प्रबंधक राजकुमारी पाण्डेय ने कहा कि स्वर्गीय मुक्तिनारायण पाण्डेय ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा और संस्कारों के प्रसार के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा स्थापित आदर्श शिक्षा समिति एवं शिक्षण संस्थान आज भी उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।पुण्यतिथि के इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क यूनिफॉर्म के रूप में टी-शर्ट का भी वितरण किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए गए इस प्रयास से छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखना और उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करना स्वर्गीय मुक्तिनारायण पाण्डेय के सेवा एवं संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपने पूर्व मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कहा कि व्यक्ति भले ही हमारे बीच न रहे, लेकिन उसके विचार, संस्कार और आदर्श सदैव समाज एवं आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहते हैं। स्वर्गीय मुक्तिनारायण पाण्डेय जी की शिक्षण एवं संस्कारों की विरासत विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक नितेश पाण्डेय, शोभनाथ यादव, उमेश यादव, संतोष यादव, संदीप राव, राममिलन शुक्ला, रुचि उपाध्याय, श्वेता पटवा, रीता जायसवाल, पवन पाठक, अन्नू जायसवाल, संगीता मौर्य, शालू उपाध्याय, विनय कुमार वर्मा, राकेश कुमार, सरिता जायसवाल,अजय कुमार एवं चंद्रावती देवी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएँ तथा अभिभावकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *