ताजाब्रेकिगंशोहरतगढ़सिद्धार्थनगर

त्योहारों से पहले शोहरतगढ़ में सक्रिय हुए सीसीटीवी कैमरे

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। आगामी बरावफात, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्दशी, दशहरा, दीपावली एवं छठ पूजा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और नगर पंचायत ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को कस्बे के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण कर खराब कैमरों को दुरुस्त कराया गया है। साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नए कैमरे लगाए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे के रामजानकी मंदिर, गड़ाकुल पुलिस बूथ, कुजड़ा मोहल्ला सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर नगर पंचायत शोहरतगढ़ की ओर से पूर्व में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जो कैमरे खराब मिले, उन्हें ठीक कराया गया, ताकि त्योहारों के दौरान प्रमुख स्थानों की लगातार निगरानी की जा सके। इसके अलावा कस्बे के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। इससे प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने में पुलिस को मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संवेदनशील स्थानों की निगरानी के साथ ही पुलिस बल की तैनाती और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कस्बे के प्रमुख स्थानों पर प्रभावी निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *