सिद्धार्थनगर

बाउंड्री विहीन विद्यालय बना आवारा कुत्तों का पनाहगाह,वर्षों से बाउंड्री निर्माण का इंतजार

Spread the love


दैनिक बुद्ध का संदेश
ककरहवा। बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत खैराटी के टोला बरदहवा में स्थित प्राथमिक विद्यालय बरदहवा पिछले कई वर्षों से बाउंड्री विहीन है। विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति यह है कि परिसर में आए दिन आवारा कुत्ते, छुट्टा पशु और अन्य जानवर पहुंच जाते हैं। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों और शिक्षकों के बीच भय का माहौल बना रहता है।विद्यालय परिसर में बाउंड्री न होने के कारण आवारा पशुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। भोजनावकाश के दौरान बच्चों को परिसर में भोजन करने में भी असहजता का सामना करना पड़ता है। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों को भी पशुओं से नुकसान पहुंचने की बात शिक्षकों ने कही है।विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सरिता सिंह एवं शिक्षक सत्य प्रकाश ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय बरदहवा को प्रत्येक चुनाव में मतदान केंद्र बनाया जाता है। उनके अनुसार बाउंड्री न होने के कारण चुनाव के दौरान भी विद्यालय की सुरक्षा को लेकर समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आम, सहजन, आंवला सहित विभिन्न पेड़-पौधे और फूल लगाए जाते हैं, लेकिन परिसर खुला होने के कारण उन्हें सुरक्षित रखना मुश्किल होता है।प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए कई वर्षों से लिखित एवं मौखिक रूप से बर्डपुर बीडीओ, ग्राम पंचायत सचिव और खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराते हुए शीघ्र बाउंड्रीवाल निर्माण कराने की मांग की है।इस संबंध में बर्डपुर खंड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने बताया कि विद्यालय के शिक्षकों की ओर से बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए कई बार पत्राचार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण खंड विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से कराया जा सकता है। इस संबंध में बीडीओ एवं ग्राम पंचायत सचिव को कई बार अवगत कराया गया है।बर्डपुर बीडीओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्राथमिक विद्यालय बरदहवा के बाउंड्री विहीन होने की जानकारी संज्ञान में आई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मजिगांवा के पंचायत भवन में कार्य चल रहा है। वहां का काम पूरा होने के बाद प्राथमिक विद्यालय बरदहवा में ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से बाउंड्रीवाल निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *