मकान पर झुका विशाल पाकड़ का पेड़, हादसे की आशंका
दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।घर के ऊपर झुके पुराने पाकड़ के पेड़ से संभावित हादसे की आशंका जताते हुए अधिवक्ता डॉ. नागेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक, उत्तर प्रदेश से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जून से लगातार वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने और आवश्यक आवेदन व नोटरी देने के बावजूद पेड़ को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक को भेजे पत्र में अधिवक्ता ने बताया कि सरकारी अस्पताल के पास उनके मित्र गुल्ली का मकान है। मकान के ऊपर पुराना और विशाल पाकड़ का पेड़ आधा झुका हुआ है, जिससे परिवार के लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। उनके अनुसार घर में बच्चों, बुजुर्गों समेत करीब 20 लोग रहते हैं। उन्होंने पत्र में बताया कि वन विभाग के अधिकारियों से कई बार संपर्क किया गया। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया तथा पेड़ कटान की प्रक्रिया के लिए आवेदन और नोटरी भी उपलब्ध कराई गई। एक अधिकारी द्वारा पेड़ को वन निगम को सौंपे जाने की जानकारी दिए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया है।अधिवक्ता ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेड़ किसी एकांत स्थान पर नहीं है, बल्कि आबादी के बीच परिवार के मकान के ऊपर झुका हुआ है। उन्होंने प्रधान मुख्य वन संरक्षक से अधीनस्थ अधिकारियों को जनसुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देने और पेड़ को तत्काल हटाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। उन्होंने पत्र की प्रति पंजीकृत डाक के साथ ईमेल से भी भेजे जाने की बात कही है।
