गोनचौरा के पास बुग्गी से टकराई बाइक, दो गंभीर घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।शोहरतगढ़-खुनुवां मार्ग पर रविवार रात गोनचौरा के पास बुग्गी से बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को एंबुलेंस से जिला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घायलों की पहचान रामसुभग पुत्र जिलाजीत (25) और बाइक पर पीछे बैठे अभय कुमार पांडेय पुत्र सूर्यनारायण पांडेय, निवासी बगहवा थाना क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार रामसुभग अपने मित्र अभय को बाइक पर बैठाकर रमवापुर से बगहवा जा रहे थे। गोनचौरा के पास सामने से आ रही बुग्गी से बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।स्थानीय लोगों के अनुसार बुग्गी का पहिया पंचर था और चालक उसे असंतुलित तरीके से लेकर जा रहा था। चिकित्सक आर्षित चौधरी ने बताया कि दोनों युवकों के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
