पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति
दैनिक बृद्ध का संदेश
डुमरियागंज। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बयारा में शौचालय निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आया है। आईजीआरएस पर की गई शिकायत की जांच में दो परिवारों को कुल सात शौचालय का लाभ दिए जाने, जबकि मौके पर चार शौचालय ही बने मिलने की बात सामने आई है। मामले में ग्राम पंचायत सचिव पर दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का उल्लेख करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की गई है।शिकायतकर्ता धर्मवीर ने पत्र देकर मामले की शिकायत की थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार गांव के सात लाभार्थियों को शौचालय निर्माण के लिए धनराशि दी गई थी, लेकिन मौके पर सिर्फ चार शौचालयों का निर्माण पाया गया। एडीओ पंचायत आशुतोष मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। पंचायत सचिव को तीन बार नोटिस दिया गया था। स्पष्टीकरण में अपात्र लाभार्थियों को नोटिस देकर धनराशि वापस करने के लिए कहे जाने की जानकारी दी गई है। सचिव के दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पर प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति की गई है।
