विधायक समेत अधिकारियों ने योगाभ्यास कर दिया योग का संदेश

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को आयुष विभाग की ओर से तहसील परिसर में सामूहिक योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। सुबह सात बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक विनय वर्मा और तहसीलदार माधवेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। विधायक ने तहसीलदार के साथ स्वयं योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है। नियमित योग और ध्यान से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मन शांत और एकाग्र रहता है। उन्होंने लोगों से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। योग प्रशिक्षक भूपेश चंद्र त्रिपाठी और सिया सुंदरी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। आयुष विभाग की ओर से अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल समय से खोलने और योग प्रशिक्षकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। ग्राम प्रधानों, सभासदों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया। बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसामान्य को स्वस्थ जीवनशैली, योग और आयुष पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. विशाल दीक्षित, फार्मासिस्ट अजय कुमार मिश्र, रोहित समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
