पुलिस की दबिश से बचता रहा गोवंश हत्या का आरोपी, एक माह बाद भी हाथ खाली
दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। गोवंश हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन घटना का एक आरोपित करीब एक माह बाद भी गिरफ्त से दूर है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपित की तलाश में उसके घर से लेकर संभावित ठिकानों तक कई बार दबिश दी गई। हर बार पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह ठिकाना बदल चुका था। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए नए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।मामला खेसरहा थाना क्षेत्र के देउरी गांव के टोला टेढ़िया का है। यहां 22 अगस्त की रात गोवंश हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक मौके पर आरोपितों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपित फिरोज अहमद पुत्र गोली बंजारा निवासी टेढ़िया के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से गोवंश के अवशेष, चाकू, तमंचा, कारतूस और बोगदा बरामद हुआ था।जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान की। इनमें डेढ़री टोला टेढ़िया निवासी इरशाद पुत्र रमजान और संतकबीरनगर के दुधारा थाना क्षेत्र के मदाइन निवासी नाहू पुत्र मौल का नाम सामने आया। पुलिस ने अगले दिन इरशाद को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन नाहू फरार हो गया।करीब एक माह से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार उसके घर और रिश्तेदारों समेत संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपी का सुराग नहीं मिला।प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर लगातार दबिश दी जा रही है।
