नहर किनारे गिरे सागौन के पेड़ों की लकड़ी गायब, वन विभाग ने सिंचाई विभाग से मांगा जवाब

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर की पटरी पर आंधी-पानी से गिरे सागौन के पेड़ों की लकड़ी गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रातों-रात पेड़ों को काटकर उनकी लकड़ी ठिकाने लगा दी गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई शुरू करते हुए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र जारी कर जवाब मांगा है।जानकारी के अनुसार, हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश के कारण भड़रिया से बढ़नीचाफा तक शारदा सहायक नहर की पटरी पर लगे कई पुराने सागौन के पेड़ जड़ सहित गिर गए थे। ये पेड़ सिंचाई विभाग की भूमि पर स्थित बताए जा रहे हैं। नियमानुसार, गिरे हुए पेड़ों की सूचना संबंधित विभागों को देकर उनकी लकड़ी के निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी।आरोप है कि गिरे हुए पेड़ों का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे में उनकी लकड़ी काट ली। कई दिनों तक चोरी-छिपे कटान किए जाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने जब मौके पर कटे हुए लकड़ी के बोटे और पेड़ों के ठूंठ देखे, तब मामले की जानकारी सामने आई।मामले की पड़ताल के दौरान नहर विभाग में तैनात एक कर्मचारी के घर पर सागौन की लकड़ी बड़ी मात्रा में रखे होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने लकड़ी के कटान और उसके निस्तारण में मिलीभगत की आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में किसी कर्मचारी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।क्षेत्रीय वन अधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र जारी कर पूछा है कि पेड़ों के गिरने के बाद वन विभाग को सूचना क्यों नहीं दी गई और लकड़ी काटने की अनुमति किस आधार पर दी गई। वन विभाग ने बिना अनुमति सागौन की लकड़ी काटे जाने को गंभीर मामला बताते हुए जवाब मांगा है।अब संबंधित विभागों की जांच और जवाब के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पेड़ों की लकड़ी किसने काटी और उसे कहां ले जाया गया। मामले में ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

टिप्पणियां