ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

ग्राम पंचायत हरैया के प्रशासक पद से हटाए गए प्रधान, 28 हजार रुपये की वसूली का भी आदेश

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। जनपद की ग्राम पंचायत हरैया, विकास खंड जोगिया में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने वर्तमान ग्राम प्रधान एवं प्रशासक अब्दुल कय्यूम को प्रशासक पद से हटाते हुए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), जोगिया को नया प्रशासक नियुक्त कर दिया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, शिकायतकर्ता कपिलदेव द्वारा की गई शिकायत की जांच जिला उद्यान अधिकारी एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता से कराई गई थी। जांच में मनरेगा से संबंधित कई कार्यों में कुल 28,245.19 रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई। इसके आधार पर पूर्व में संबंधित ग्राम प्रधान से धनराशि की वसूली का आदेश भी जारी किया गया था, लेकिन अब तक राशि जमा नहीं की गई। प्रशासन ने ग्राम प्रधान द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण करने के बाद पाया कि जांच में सामने आई अनियमितताओं के मद्देनजर उन्हें प्रशासक पद पर बनाए रखना उचित नहीं है। इसी आधार पर उन्हें प्रशासक पद से हटाने का आदेश जारी किया गया। जिलाधिकारी ने शासनादेशों के अनुरूप सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), जोगिया को ग्राम पंचायत हरैया का प्रशासक नियुक्त किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *