खेसरहाताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

रेलवे ट्रैक पर पुलिया निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
खेसरहा। खेसरहा क्षेत्र के बतसा और सवाडाड़ गांव के किसानों ने निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था और पुलिया निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के निर्माण के दौरान मिट्टी का ऊंचा पटान होने से दोनों गांवों के खेतों से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई और फसलें बर्बाद होने लगी हैं। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि रेलवे विभाग ने पहले जेसीबी से लगभग ढाई मीटर तक खुदाई कर पानी निकालने की व्यवस्था की थी, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। कुछ समय बाद पानी का बहाव फिर रुक जाता है, जिससे खेतों में जलभराव की समस्या बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, चंद्रशेखर, अंगद, गोविंद, प्रिंस, राजकुमार सहित दर्जनों किसानों की 200 से अधिक बीघा फसल जलभराव की चपेट में है। किसानों का कहना है कि बरसात के मौसम में अस्थायी खुदाई समाधान नहीं है। यदि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो हर वर्ष उनकी फसलें इसी तरह बर्बाद होती रहेंगी। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि ट्रैक निर्माण कार्य पूरा होने से पहले जल निकासी के लिए स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि खेतों का पानी आसानी से निकल सके और किसानों को नुकसान से बचाया जा सके। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *