ईद-मिलाद-उन-नबी को लेकर बांसी पुलिस अलर्ट, जुलूस मार्ग का निरीक्षण
दैनिक सत्ता मंत्र
बांसी। आगामी ईद-मिलाद-उन-नबी के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बांसी कोतवाली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने पुलिस बल के साथ नगर में जुलूस के प्रस्तावित मार्गों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने अंजुमन इस्लामिया बांसी के अध्यक्ष शमीम अहमद, सैय्यद सफीकुररहमान सहित आयोजकों और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों से बातचीत की। पुलिस टीम ने जुलूस मार्ग पर संभावित अव्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को चिह्नित किया तथा उनके समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आयोजकों से जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।निरीक्षण के दौरान एसआई स्वामी नाथ भास्कर, जगदीश सिंह, जावेद समश, हेड कांस्टेबल सुनील दुबे, मनोज कुमार यादव, कृष्ण कुमार दुबे, सूर्यप्रकाश सिंह, अमित यादव, मोहम्मद अजीम, अभय प्रताप यादव और आनंद सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
