एफएलएन प्रशिक्षण के दूसरे बैच का समापन, शिक्षकों की क्षमता वृद्धि पर जोर
दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। ब्लॉक संसाधन केंद्र शोहरतगढ़ में सोमवार को शिक्षकों के पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण के दूसरे बैच का समापन हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता में वृद्धि करते हुए बच्चों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय कौशल को मजबूत करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान टीएलएम और गतिविधि आधारित शिक्षण के साथ बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान पर आधारित शिक्षण पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के पांचवें दिन ट्रेनर एवं संदर्भदाता एआरपी प्रवीण यादव, तेजेंद्र प्रताप चौधरी, आनंद प्रकाश गौड़, सत्येंद्र सिंह और रॉबिन चांदी ने शिक्षकों को भाषा एवं गणित विषयों में बच्चों की दक्षता आधारित शिक्षा को प्रभावी बनाने के बारे में जानकारी दी। अलग-अलग सत्रों में बच्चों के पढ़ने, लिखने, समझने और गणितीय दक्षता के विकास को लेकर विभिन्न गतिविधियों और शिक्षण विधियों पर चर्चा की गई। पांचवें दिन विशेष रूप से अंग्रेजी विषय पर चर्चा के साथ डेमो वर्क कराया गया। इसके बाद पोस्ट-टेस्ट और शिक्षकों के फीडबैक के साथ प्रशिक्षण का समापन हुआ। इस अवसर पर बीईओ शोहरतगढ़ संजय कुमार ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और कौशल को विद्यालय में प्रभावी ढंग से लागू करना प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत होने से उनकी आगे की शैक्षिक यात्रा बेहतर होगी। प्रशिक्षण के तकनीकी सहायक के रूप में बीआरसी स्टाफ आशिक खान एवं अंबरीश श्रीवास्तव ने सहयोग किया। प्रशिक्षण में प्रदीप मणि त्रिपाठी, प्रमोद त्रिपाठी, धनुषधारी मिश्रा, स्मृति, गरिमा श्रीवास्तव, प्रतिभा, धीरज त्रिपाठी, रामाश्रय, बृजेश तिवारी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
