जंगला तोड़कर घर से 20 हजार नकदी समेत जेवरात लेकर फरार हुए चोर

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एकडेगा भावपुर के टोला सुकड़हर में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर जंगला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर 20 हजार रुपये नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी गए सामान की जानकारी ली।सुकड़हर निवासी धर्मराज ने बताया कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। रविवार सुबह उठने पर घर का जंगला टूटा मिला। कमरे के अंदर रखी अलमारी भी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल, कंगन और सोने की मक्खी गायब मिली। पीड़ित के अनुसार, चोर जंगला तोड़कर घर में दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखा नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। चोरी की वारदात की गहनता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शोहरतगढ़ पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल कर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।

टिप्पणियां