टूटे बिजली पोल से चार गांवों में छह दिन से कायम है अंधेरा, 3400 की आबादी प्रभावित
दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।उपकेंद्र परसिया देहात से जुड़े बरगदवा फीडर के अंतर्गत सेहुड़ा से केसारा जाने वाली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल गुरुवार को टूट गया। पोल टूटने के छह दिन बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे केसारा, केसारी, कंनवाडीह और चिमठी गांवों की करीब 3400 की आबादी बिजली संकट से जूझ रही है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से घरों में लगे पंखे, कूलर समेत अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बिजली नहीं होने से मोबाइल चार्ज करने, पेयजल की व्यवस्था और अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, पोल टूटने के बाद इसकी सूचना विद्युत विभाग के जिम्मेदारों को दी गई थी। इसके बावजूद अब तक टूटे पोल को बदलकर आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। जय प्रकाश, गुड्डू, सूर्य प्रकाश, मनीष, प्रहलाद, अनिल, कामु, रोहित, ज्ञान प्रकाश, विजय और बल्ली समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि छह दिनों से बिजली नहीं मिलने के कारण गांवों में काफी परेशानी है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर टूटे पोल को शीघ्र बदलवाने और विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल कराने की मांग की है।
