नवोदय विद्यालय में दाखिले का दूसरा मौका, 10 अगस्त तक करें आवेदन
दैनिक सत्ता मंत्र
सिद्धार्थनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक विद्यार्थी 10 अगस्त 2026 तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे उन विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित अंतिम तिथि 7 अगस्त तक आवेदन नहीं कर सके थे।नवोदय विद्यालय समिति की ओर से आवेदन की समय-सीमा बढ़ाए जाने से सिद्धार्थनगर समेत देशभर के हजारों विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का एक और अवसर मिल गया है। अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को फॉर्म में हुई निर्धारित श्रेणियों की गलतियों को सुधारने का भी अवसर मिलेगा। 11 और 12 अगस्त 2026 को करेक्शन विंडो खुली रहेगी। इस दौरान पंजीकृत अभ्यर्थी अपने आवेदन में परीक्षा का माध्यम, वर्ग, लिंग, ग्रामीण/शहरी क्षेत्र और दिव्यांगता से संबंधित विवरण में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, बसंतपुर (बांसी) के प्राचार्य एनके सिंह ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थी सभी आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक भरें और जमा करने से पहले फॉर्म को अच्छी तरह जांच लें।प्राचार्य एनके सिंह ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में परीक्षा के माध्यम, वर्ग, लिंग, ग्रामीण/शहरी क्षेत्र या दिव्यांगता संबंधी विवरण में त्रुटि रह गई है, वे 11 और 12 अगस्त को करेक्शन विंडो का लाभ उठाकर निर्धारित विवरण में सुधार कर सकते हैं।नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और आवासीय व्यवस्था के कारण प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं। आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने से प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को काफी राहत मिली है।
