बाढ़ प्रभावित गांवों का डीएम ने किया निरीक्षणखराब फसलों का सर्वे कर मुआवजा देने और प्रभावित मजरों में तत्काल लंच पैकेट वितरित करने के दिए निर्देश

सिद्धार्थनगर।जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को शोहरतगढ़ स्थित बाणगंगा बैराज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बाणगंगा नदी का जलस्तर कम हो रहा है। इसके बाद जिलाधिकारी बाढ़ प्रभावित ग्राम खैरी शीतल प्रसाद पहुंचे और मोटरबोट के जरिए पानी से घिरे मजरों में जाकर ग्रामीणों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं जानीं। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को निर्देश दिया कि बारिश और बाढ़ से खराब हुई फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही बाढ़ प्रभावित मजरों में तत्काल लंच पैकेट वितरित कराने के निर्देश दिए।डीएम ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों और बीमार व्यक्तियों को चिह्नित किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से सहायता उपलब्ध कराई जा सके। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं का प्रसव आगामी 15 से 20 दिनों में संभावित है, उन्हें पहले से चिह्नित कर सुरक्षित प्रसव के लिए समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, जिससे प्रसव के दौरान उनके परिवार को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित गांवों में मेडिकल टीम भेजकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कराने और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों में लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन हर परिस्थिति में ग्रामीणों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड कृपा भारती, सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड मालविका जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
