बालिका दिवस पर बेटियों और माताओं ने सजाया प्रतिभा का रंगीन मंच

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।बढ़नी ब्लॉक के नगर पंचायत स्थित पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय बढ़नी में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को मदर मेले, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि मेले में माताओं की ओर से गृह शिल्प प्रदर्शनी सजाई गई।मेले में माताओं के हुनर, रचनात्मकता और घरेलू कौशल की आकर्षक झलक देखने को मिली। छात्राओं की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। वहीं माताओं के लिए रस्साकशी और कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सामाजिक भागीदारी, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ माताओं की प्रतिभा एवं रचनात्मकता को मंच प्रदान करना रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी प्रयास किया गया। मुख्य अतिथि सतीश चन्द शर्मा ने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है और उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ता है। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं और माताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक जावेद आलम, बाबू लाल जायसवाल, नूपुर श्रीवास्तव सहित माताएं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

टिप्पणियां