ताजाब्रेकिगंसिद्धार्थनगर

शोहरतगढ़ में सघन वाहन चेकिंग अभियान से ई-रिक्शा चालकों में मचा हड़कंप

Spread the love

दैनिक सत्ता मंत्र
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए रविवार को शोहरतगढ़ पुलिस ने कस्बे में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस पिकेट के आसपास चलाए गए अभियान के दौरान ई-रिक्शा समेत अन्य वाहनों के कागजात की जांच की गई। चेकिंग के दौरान आवश्यक प्रपत्रों के अभाव में संचालित किए जा रहे कई ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए।बताया जा रहा है कि शोहरतगढ़ कस्बे में ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन को लेकर पहले से ही लोगों में नाराजगी है। कस्बे के प्रमुख मार्गों और बाजारों में ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन से जाम और आवागमन प्रभावित होने की शिकायतें भी पुलिस-प्रशासन तक पहुंच रही थीं। वहीं, आगामी बारावफात, गणेश चतुर्दशी और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अभियान के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन चलाने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की हिदायत दी। पुलिस की कार्रवाई के बाद कस्बे में ई-रिक्शा चालकों में भी हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान करीब तीन दर्जन से अधिक ई-रिक्शा चालकों से वाहन के आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली गई तथा नियमों के अनुरूप कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था प्रभावित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *